Connect with us

गाजीपुर

छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, चक्काबांध घाट पर पंप कैनाल की तरफ पूजा पर प्रतिबंध

Published

on

Loading...
Loading...

एसडीएम निधि ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

जमानियां (गाजीपुर): लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उपजिलाधिकारी निधि ने नगर के बलुआ घाट और रेलवे स्टेशन स्थित चक्काबांध घाट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर्व पर घाटों पर पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

चक्काबांध घाट पर पंप कैनाल की तरफ पूजा पर रोक

Advertisement

एसडीएम निधि ने विशेष रूप से चक्काबांध घाट को लेकर स्पष्ट किया कि इस बार भी पिछले वर्ष की तरह केवल निर्धारित एक तरफ ही छठ पूजा की अनुमति रहेगी। पंप कैनाल की तरफ का क्षेत्र प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की कि पंप कैनाल की ओर छठ पूजा के लिए किसी भी प्रकार की वेदी न बनाएं और प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर ही पूजा-अर्चना करें।

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है। प्रशासन की ओर से घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और महापर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

इस मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह, बीडीओ महेंद्र प्रसाद यादव, चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page