देवरिया
जर्जर पुल पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
बथुआ नाले के पुल की मरम्मत की मांग को लेकर पीडब्ल्यूडी के खिलाफ प्रदर्शन, बड़े हादसे की जताई आशंका
देवरिया। मदनपुर क्षेत्र के गायघाट-बथुआ नाले पर स्थित जर्जर पुल और उसके संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़े पुल और सड़क की मरम्मत न होने से नाराज ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खिलाफ प्रदर्शन कर तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि गायघाट-बथुआ मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से प्रतिदिन छात्र-छात्राएं स्कूल-कॉलेज, किसान मंडी तथा मरीज अस्पताल पहुंचते हैं। पुल के समीप सड़क धंसने और बड़े-बड़े गड्ढे बनने से आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी कई बार निरीक्षण कर चुके हैं और मरम्मत का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर इस पुल से गुजरना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुल और संपर्क मार्ग की मरम्मत शुरू नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले ही समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर पुल और सड़क का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि समय रहते कार्य नहीं हुआ तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
