वाराणसी
‘विंग्स ओवर गंगा’ में आसमान में उभरा 94 का अंक, सुखोई और तेजस की गर्जना से रोमांचित हुए दर्शक
वाराणसी। नमो घाट पर शनिवार को भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के शानदार करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में देश की हवाई ताकत और आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया गया। एयर शो रविवार तक निर्धारित है।
आसमान में 94 का अंक बनाकर दिखाई ताकत
वायुसेना के विमानों ने आसमान में 94 का अंक बनाकर अपनी वर्षगांठ को खास अंदाज में प्रदर्शित किया। इसके बाद गंगा के ऊपर पुष्पवर्षा की गई। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, मिराज-2000 और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना से घाटों पर मौजूद दर्शकों में उत्साह भर गया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे गूंजते रहे।

सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर बने आकर्षण
सारंग टीम के पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों ने सटीक तालमेल के साथ रोमांचक हवाई करतब दिखाए। स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह ने बताया कि सारंग एशिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली प्रदर्शन टीम है। वहीं, स्क्वाड्रन लीडर गौतम त्यागी ने लोगों से एयर शो से प्रेरणा लेने की अपील की।
काशी में दिखा शौर्य और राष्ट्रभक्ति का संगम
गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की उड़ान और हेलीकॉप्टरों की कलाबाजियों ने काशीवासियों को गर्व से भर दिया। इस एयर शो में भारतीय वायुसेना के साहस, अनुशासन और तकनीकी क्षमता के साथ काशी की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला।
