Connect with us

भदोही

स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन: डीएम-एसपी ने नगर पालिका मतदान केंद्र का किया निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन सतर्क, दोपहर दो बजे तक 4,566 मतदाताओं ने किया मतदान

भदोही। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत जनपद में मतदान जारी है। जिले के सात मतदान केंद्रों के 20 मतदेय स्थलों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर शैलेष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने विभिन्न मतदान स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।

इसी क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका परिषद कार्यालय स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया पर भी नजर रखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर दो बजे तक जनपद के सभी 20 मतदेय स्थलों पर स्नातक वर्ग के 3,503 मतदाताओं और शिक्षक वर्ग के 1,063 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page