गाजीपुर
सुखडेहरा गोलीकांड में तीनों इनामी आरोपी गिरफ्तार, दो मुठभेड़ में घायल
भांवरकोल पुलिस की कार्रवाई, तमंचा-पिस्तौल और कारतूस बरामद
भांवरकोल गाजीपुर। सुखडेहरा गोलीकांड में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के तीनों इनामी आरोपियों को भांवरकोल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखडेहरा निवासी आशुतोष राय उर्फ आशु उर्फ बिट्टू, सर्वेश राय उर्फ सिट्टू और गोड़ी खास निवासी उपेंद्र नाथ राय के रूप में हुई है। आशुतोष के बाएं पैर और सर्वेश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान घिरने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आशुतोष और सर्वेश घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, आशुतोष के कब्जे से .315 बोर का देसी तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, सर्वेश के पास से 32 बोर की पिस्तौल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस मिलने की बात कही गई है। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
13 अक्टूबर को हुई थी गोलीबारी
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को सुखडेहरा गांव के पास रास्ते में विवाद के बाद गोलीबारी हुई थी। इस घटना में सीआईएसएफ जवान राघवेश यादव और उनके चचेरे भाई पंकज यादव घायल हो गए थे। पंकज की हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
कई आपराधिक मुकदमों का भी उल्लेख
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आशुतोष राय और सर्वेश राय के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उपेंद्र नाथ राय के खिलाफ भी पूर्व के आपराधिक मामलों का उल्लेख किया गया है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की विवेचना और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है।
