गाजीपुर
पुरानी रंजिश में मारपीट कर किया घायल, मोबाइल तोड़ा
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
दुल्लहपुर, गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जफरपुर गांव के पास पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट करने और मोबाइल फोन तोड़ने का मामला सामने आया है। खुदाबक्शपुर निवासी सूरज चौहान ने वीरेंद्र चौहान, राहुल चौहान, प्रमोद चौहान और सुरजू चौहान के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूरज चौहान ने अपनी तहरीर में बताया कि बुधवार की सुबह वह अपना पिकअप वाहन लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जफरपुर गांव के पास गांव के ही वीरेंद्र चौहान, राहुल चौहान, प्रमोद चौहान और सुरजू चौहान ने उसे रोक लिया। आरोप है कि चारों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपित दोबारा उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान उसकी बहन खुशबू घटना का वीडियो बनाने लगी तो आरोपितों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया। पीड़ित ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
