जौनपुर
मुआवजा संबंधी आपत्तियों के निस्तारण को बलुआ पहुंचे सीआरओ
110 किसानों ने जताई थी विसंगति की शिकायत, नक्शे के आधार पर मुआवजा निर्धारण के निर्देश
चंदवक, जौनपुर। मुआवजा निर्धारण में विसंगतियों की किसानों की शिकायत के निस्तारण के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अंबष्ट ने बुधवार को बलुआ राजस्व गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
110 किसानों ने जताई थी आपत्ति
बलुआ गांव के वंशराज निषाद, महेंद्र समेत करीब 110 किसानों ने राजस्व कर्मियों द्वारा मुआवजा निर्धारण में विसंगति का आरोप लगाते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी। किसानों का कहना था कि सड़क चौड़ीकरण में गई जमीन को सड़क के बगल की भूमि दर्शाकर कम दर से मुआवजा निर्धारित किया जा रहा है।
नक्शे के आधार पर तय होगा मुआवजा
सीआरओ ने किसानों से उनकी समस्या की जानकारी ली और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि राजस्व नक्शे में भूमि चकमार्ग या संपर्क मार्ग के रूप में दर्ज है, तो भले ही मौके पर मार्ग निर्मित न हो, मुआवजा निर्धारण नक्शे में दर्ज श्रेणी के आधार पर किया जाए।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सीआरओ ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, कानूनगो रमेश तिवारी, राजस्व निरीक्षक दर्शन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
