Connect with us

गाजीपुर

जर्जर सड़कों, बिजली संकट और बंद चीनी मिल को लेकर भाकपा का धरना

Published

on

Loading...
Loading...

किशोरी चट्टी पर प्रदर्शन कर चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा, सात अक्टूबर को लखनऊ विधानसभा मार्च की चेतावनी

नंदगंज, गाजीपुर। सैदपुर तहसील क्षेत्र की जर्जर सड़कों, विद्युत आपूर्ति की बदहाली, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों और नंदगंज की बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की देवकली ब्लॉक इकाई ने बुधवार को किशोरी चट्टी पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता राजनाथ सिपाही ने की। इस दौरान जिलाधिकारी गाजीपुर को संबोधित चार सूत्रीय मांगपत्र तहसीलदार सैदपुर को सौंपा गया।

सड़क और बिजली संकट पर जताई नाराजगी

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि सड़क, बिजली और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन की कथित उदासीनता का असर आम जनता, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उन्होंने नंदगंज-शादियाबाद मुख्य मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।

विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

उन्होंने क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और तारों को दुरुस्त कराने, अनियमित विद्युत कटौती पर रोक लगाने तथा स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों की पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई। उनका कहना था कि बिजली व्यवस्था में सुधार से उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

Advertisement

चीनी मिल चालू कराने की मांग

भाकपा नेता ने कहा कि नंदगंज की चीनी मिल वर्षों से बंद है, जिससे गन्ना किसानों, मजदूरों और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मिल को दोबारा संचालित करने के लिए शासन स्तर पर ठोस और समयबद्ध पहल किए जाने की मांग की।

सात अक्टूबर को विधानसभा मार्च की चेतावनी

अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि यदि जिला प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है तो सात अक्टूबर को लखनऊ में प्रस्तावित विधानसभा मार्च में क्षेत्र के किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।

नेताओं ने भी रखे विचार

धरने को राज्य परिषद सदस्य शशिकांत कुशवाहा, सूरज राम बागी, रामशुक्ला राम, दुर्जन बिंद, राजेंद्र खरवार और सुरेश बिंद ने संबोधित किया। सभा का संचालन भाकपा ब्लॉक सचिव बच्चेलाल यादव ने किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page