जौनपुर
30 सितंबर के धरने को सफल बनाने के लिए किसानों ने निकाला जुलूस
टोल हटाओ, बोझ हटाओ आंदोलन के समर्थन में किसानों ने लोगों से धरने में शामिल होने की अपील की
चंदवक (जौनपुर)। पूर्वांचल किसान संगठन के आह्वान पर 30 सितंबर को ढेरही टोल प्लाजा पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सोमवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने चंदवक में जुलूस निकाला। किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस के दौरान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई।
संगठन की ओर से प्रस्तावित धरने को ‘टोल हटाओ, बोझ हटाओ’ नाम दिया गया है। किसानों का आरोप है कि टोल प्लाजा पर नियमों के विपरीत वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि एनएचएआई की ओर से अधिग्रहित किसानों की जमीन का पूरा मुआवजा दिए बिना और सड़क का निर्माण पूरा किए बिना टोल वसूला जा रहा है।
किसानों का यह भी कहना है कि टोल प्लाजा का प्रस्ताव जौनपुर जनपद में किया गया था, लेकिन इसे वाराणसी में स्थापित कर दिया गया। इन्हीं मुद्दों को लेकर संगठन की ओर से 30 सितंबर को ढेरही टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
जुलूस में जय प्रकाश राम, रामप्रकाश सिंह, अरविंद पांडेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रजापति, श्याम बहादुर सिंह, भरत गुप्ता, रमाशंकर सिंह सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
