गाजीपुर
डीएम का आदेश भी बेअसर? सीएचसी बरुईन में मरीज बेहाल, निजी अस्पतालों का ले रहे सहारा
जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के बरूईन गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर मरीजों में नाराजगी है। अभिषेक कुमार, मनीष और गोलू ने बताया कि चिकित्सकों और कर्मचारियों की उदासीनता के चलते अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है और मजबूरन निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। शासन-प्रशासन की ओर से 24 घंटे इमरजेंसी सेवा संचालित करने के निर्देश के बावजूद व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉ. रुद्रकांत सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशानुसार अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर तैयार कर लिया गया है। इमरजेंसी सेवा को 24 घंटे संचालित करने के लिए उच्चाधिकारियों से निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। किस चिकित्सक और कर्मचारी की किस समय ड्यूटी रहेगी, इसकी सूची भी उच्च स्तर से तैयार कर भेजी गई है
चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी निधि और उनके द्वारा समय-समय पर अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान चिकित्सक और कर्मचारी अपनी निर्धारित ड्यूटी का पालन न करने या किसी भी प्रकार की जनसमस्या सामने आने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रोस्टर के अनुसार महिला कर्मचारियों की ड्यूटी फिलहाल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है और उन्हें रात्रिकालीन ड्यूटी से मुक्त रखा गया है। शेष कर्मचारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
वहीं, अस्पताल में एक्स-रे सुविधा को लेकर चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि मशीन के संबंध में शासन को पत्र भेजा जा चुका है। जल्द ही नई पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने की उम्मीद है, अब बड़ा सवाल यह है कि जब जिलाधिकारी के निर्देश पर रोस्टर जारी हो चुका है और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा का दावा किया जा रहा है, तो मरीजों को आखिरकार इसका लाभ कब मिलेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था को पटरी पर ला पाएंगे या मरीज इसी तरह निजी अस्पतालों के चक्कर काटने को मजबूर रहेंगे?
