आजमगढ़
दुर्वासा धाम पर धूमधाम से मनाया गया विश्व नदी दिवस
गंगा समग्र 29 अक्टूबर से निकालेगा तमसा बचाओ यात्रा, नदी संरक्षण की दिलाई शपथ
आजमगढ़। पवित्र दुर्वासा धाम स्थित तमसा-मंजूषा के संगम तट पर रविवार को गंगा समग्र की ओर से विश्व नदी दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नदी पूजन और भव्य आरती का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने नदियों को स्वच्छ और संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
श्री श्री 108 दुर्वासा महामंडलेश्वर शुभम दास महाराज ने तमसा-मंजूषा संगम पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से नदी पूजन कराया और आरती संपन्न की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नदियों को केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि मां और देवी का दर्जा दिया गया है। नदियों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
गंगा समग्र आर्यमगढ़ के विभाग संरक्षक सुभाष चंद्र तिवारी कुंदन ने उपस्थित लोगों को नदियों के संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नदियां मानव जीवन का आधार हैं और इनके अस्तित्व के बिना जीवन की कल्पना कठिन है। उन्होंने जिला प्रशासन से नदियों की सफाई और पुनरुद्धार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
गोरक्ष प्रांत के सह-संयोजक अजय कुमार राय ने बताया कि पौराणिक तमसा नदी के संरक्षण और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 29 अक्टूबर से दुर्वासा धाम से तमसा बचाओ यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने लोगों से नदियों में कूड़ा-कचरा और सिंगल यूज प्लास्टिक नहीं फेंकने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन फूलपुर संयोजक रासबिहारी सिंह ने किया, जबकि सहसंयोजक बलराम तिवारी ने आभार जताया। इस अवसर पर आर्यमगढ़ जिला संयोजक महंत संजय कुमार पांडेय, हाकिम बाबा, दुर्वेश्वरानंद महाराज, ओमप्रकाश यादव, नीरज गिरि, कुलबुल सिंह, श्रीनिवास राय, जयप्रकाश तिवारी, श्रवण कुमार, सुनील राय, सीपी पांडेय, गिरिजानंद गिरि, लालजी गिरि, अनूप पांडेय, संगम पांडेय सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
