मिर्ज़ापुर
खड़े डंपर में पीछे से भिड़ी बस, दो बालक समेत चार घायल
सोनबरसा बाजार में सुबह हुआ हादसा, एक घायल की हालत गंभीर; दोनों वाहन सड़क से नीचे उतरे
राजगढ़-मीरजापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र के सोनबरसा बाजार में शनिवार सुबह करीब छह बजे अनियंत्रित गगन बस सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे चले गए। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि दोनों वाहन पलटे नहीं। हादसे में दो बालकों समेत चार बस सवार घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार गगन बस मीरजापुर से सोनभद्र की ओर जा रही थी। सोनबरसा बाजार के पास रेलवे निर्माण कार्य में लगी निर्माण एजेंसी के लिए निर्माण सामग्री ढोने वाला डंपर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर डंपर के पीछे जा भिड़ी। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे चले गए।
हादसे में बलरामपुर निवासी 38 वर्षीय सीताराम पुत्र कतवारू, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र निवासी दो बालक आर्यन और शिवम तथा रामप्रसाद घायल हो गए। सीताराम की हालत गंभीर होने पर स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें राजगढ़ सीएचसी पहुंचाया गया। वहीं आर्यन, शिवम और रामप्रसाद को हल्की चोटें आई थीं। तीनों का निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
राजगढ़ सीएचसी प्रभारी संतलाल ने बताया कि सीताराम का प्राथमिक उपचार किया गया है। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात रही कि बस और डंपर सड़क से नीचे जाने के बावजूद पलटे नहीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
