गाजीपुर
पुरानी दीवार के विवाद में लाठी-डंडे चले, महिला समेत तीन घायल
जमानिया-गाजीपुर। कस्बे के पटखौलिया वार्ड नंबर-5 में पुरानी दीवार को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार सुबह मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के पांच लोगों ने एक ही परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मन्ता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घर की पुरानी दीवार को लेकर विपक्षी पक्ष के लोग आए दिन विवाद करते थे। आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 6:25 बजे रमाशंकर, प्रमोद, जितेन्द्र, सुनैना और गुड़िया ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मन्ता देवी के अनुसार आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए कमर पर लाठी से वार किया, जिससे उनके मुंह से खून निकलने लगा। बीच-बचाव और विरोध करने पर उनके पति सुरेन्द्र और पुत्र हरविन्द को भी पीटा गया। मारपीट में सुरेन्द्र के सिर और हरविन्द के पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
घटना के बाद घायल परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में पांच लोगों को नामजद करते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
घायलों का कराया गया चिकित्सकीय परीक्षण
प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मारपीट में घायल महिला, उसके पति और पुत्र को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी दीवार को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक मारपीट में बदलने से मोहल्ले में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पूरी किए जाने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति और विवाद के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
