Connect with us

गाजीपुर

दो लाख रुपये दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटा

Published

on

Loading...
Loading...

बच्चे समेत घर से निकाला

जमानिया-गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी प्रमिला कुमारी ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने, स्त्रीधन छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, ससुर, सास और ननद के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार उसका विवाह 19 फरवरी 2019 को बलुआ चकतरफिया निवासी सिद्धार्थ यादव के साथ हुआ था। विवाह के दौरान मायके पक्ष की ओर से करीब आठ लाख रुपये नकद, जेवरात और गृहस्थी का सामान दिया गया था। आरोप है कि शादी के करीब एक वर्ष बाद से ही पति की ओर से दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती रही।

प्रमिला कुमारी ने आरोप लगाया कि 10 फरवरी 2025 को पति सिद्धार्थ यादव, ससुर दूधनाथ यादव, सास उर्मिला देवी और ननद दिव्या ने बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसका स्त्रीधन छीन लिया गया और बच्चे समेत उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि घर से निकाले जाने के बाद उसका पति फोन के माध्यम से पूरे परिवार को खत्म करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।

Advertisement

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page