वाराणसी
दुर्गापूजा पंडाल में दिखेगा ‘मोबाइलासुर’ वध, डिजिटल लत पर होगा प्रहार
पांच मिनट के इलेक्ट्रॉनिक शो में मिलेगा जागरूकता का संदेश
वाराणसी। काशी की दुर्गापूजा इस बार भी धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक संदेश देती नजर आएगी। जय माता दी स्पोर्टिंग क्लब के पूजा पंडाल में मोबाइल की बढ़ती लत और साइबर सुरक्षा को लेकर ‘मोबाइलासुर’ के वध की अनूठी प्रस्तुति तैयार की जा रही है। करीब पांच मिनट के इलेक्ट्रॉनिक शो के जरिए मोबाइल की लत के दुष्प्रभावों का संदेश दिया जाएगा।
मोबाइल स्क्रीन से टकराएगी मां के तीसरे नेत्र की ज्योति
पंडाल में ‘मोबाइलासुर’ का स्वरूप तैयार किया गया है, जिसके पेट पर मोबाइल स्क्रीन लगाई जाएगी। प्रस्तुति में मां अपने बच्चे को आवाज देंगी, लेकिन बच्चा मोबाइल के आकर्षण में मां की ओर आने के बजाय दूसरी दिशा में चला जाएगा। इसके बाद मां के तीसरे नेत्र से निकलने वाली ज्योति ‘मोबाइलासुर’ के पेट पर लगी मोबाइल स्क्रीन से टकराएगी, जिसे उसके वध के संकेत के रूप में दिखाया जाएगा।
16 फीट ऊंचा मोबाइल बनेगा आकर्षण
क्लब के कार्यवाहक अध्यक्ष हिमांशु यादव के अनुसार, पंडाल के प्रवेश द्वार पर करीब 16 फीट ऊंचे मोबाइल फोन का प्रतिरूप लगाया जाएगा। इसके साथ एक बच्चे को डिजिटल जंजीरों से बंधा हुआ दिखाया जाएगा, जो मोबाइल की लत को प्रदर्शित करेगा।
एप और गेमिंग के प्रतीकों से दिखेगा डिजिटल जाल
पंडाल में प्रवेश करते ही फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, यू-ट्यूब समेत विभिन्न गेमिंग और अन्य एप के प्रतीक नजर आएंगे। इनके माध्यम से डिजिटल दुनिया में उलझते बच्चों की स्थिति को दर्शाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, पूरी प्रस्तुति का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों को मोबाइल की बढ़ती लत के प्रति जागरूक करना है।
