भदोही
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बनेंगे पांच सहायक मतदेय स्थल
1400 से अधिक मतदाताओं वाले केंद्रों पर होगी व्यवस्था
भदोही। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की अध्यक्षता में 22 सितंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में सभी मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 15 मतदेय स्थल होंगे
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान में 10 मतदेय स्थल हैं। इनमें पांच केंद्रों पर 1400 से अधिक मतदाता होने के कारण प्रत्येक पर एक-एक सहायक मतदेय स्थल बनाने का प्रस्ताव है। प्रस्ताव लागू होने के बाद इनकी संख्या 15 हो जाएगी।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पांच केंद्र यथावत
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में किसी भी केंद्र पर सहायक मतदेय स्थल बनाने का प्रस्ताव नहीं है। यहां वर्तमान पांच मतदेय स्थल ही रहेंगे। भदोही जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 10 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पांच मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध है।
जर्जर भवनों के परिवर्तन पर भी जोर
बैठक में निर्देश दिया गया कि जिन मतदेय स्थलों के भवन जर्जर या जीर्ण-शीर्ण हैं, उनका आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जाए। साथ ही मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए भौतिक सत्यापन कराया जाए।
फॉर्म-18 और 19 से जुड़ेंगे छूटे मतदाता
बैठक में बताया गया कि छूटे हुए स्नातक एवं शिक्षक मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-18 और फॉर्म-19 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। राजनीतिक दलों या संगठनों द्वारा थोक में फॉर्म जमा नहीं किए जाएंगे।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में भदोही के विधायक जाहिद बेग सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला, सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
