गोरखपुर
गोरखपुर जंक्शन पर लगेंगे 65 हाईटेक कैमरे, दिल्ली से भी होगी लाइव निगरानी
वार रूम से होगी स्टेशन की निगरानी
गोरखपुर। गोरखपुर जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक किया जा रहा है। स्टेशन पर 65 नए उच्च गुणवत्ता वाले सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। इनकी निगरानी रेलवे के वार रूम से होगी। खास बात यह है कि दिल्ली स्थित रेलवे बोर्ड के अधिकारी भी स्टेशन की गतिविधियों पर लाइव नजर रख सकेंगे।
चार कैमरे चेहरे पहचानने वाली प्रणाली से जुड़े होंगे
सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाए जाने वाले कैमरों में चार कैमरे चेहरे पहचानने वाली प्रणाली से जुड़े होंगे। यह प्रणाली रेलवे की सूची में शामिल वांछित अपराधियों की पहचान में मदद करेगी।

प्रमुख स्थान कैमरों की जद में होंगे
कैमरों से प्रतीक्षालय, आरक्षण काउंटर, पार्किंग, प्रवेश द्वार, फुट ओवरब्रिज और बुकिंग कार्यालय समेत स्टेशन के प्रमुख हिस्सों की निगरानी की जाएगी। इसके लिए डोम, बुलेट, पैन-टिल्ट-जूम और अल्ट्रा एचडी-4के आईपी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।
चोरी और छिनैती पर लगेगा अंकुश
नई व्यवस्था लागू होने के बाद स्टेशन परिसर की गतिविधियों पर निगरानी और सख्त होगी। रेलवे को उम्मीद है कि इससे चोरी, जेबकतरी, छिनैती और जहरखुरानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। जरूरत पड़ने पर स्टेशन की निगरानी दिल्ली से भी सीधे की जा सकेगी।
