Connect with us

गाजीपुर

दो दशक पुराने कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कलां गांव में बुधवार को प्रशासन ने करीब दो दशक पुराने अवैध कब्जे को हटवा दिया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर राजस्व टीम भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अमले को देखते ही कब्जाधारकों ने स्वयं टीनशेड और कच्चे निर्माण को हटाना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बीरबल यादव पर त्रिलोकीनाथ उपाध्याय, सत्यप्रकाश, अखिलेश और बृजेश उपाध्याय की करीब पांच मंडा भूमि पर कच्चा निर्माण और टीनशेड डालकर लगभग 20 वर्षों से कब्जा किए जाने का आरोप था। मामले को लेकर काश्तकारों ने न्यायालय की शरण ली थी। साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने भूमि को कब्जामुक्त कराकर मूल काश्तकारों को सौंपने का आदेश दिया था।

न्यायालय के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी ने भी पूर्व में कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद जमीन खाली नहीं होने पर बुधवार को प्रशासनिक टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

कब्जा हटाए जाने के बाद राजस्व कर्मियों ने भूमि की विधिवत पैमाइश और निशानदेही कराकर उसे संबंधित काश्तकारों के सुपुर्द कर दिया। पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है।

मौके पर तहसीलदार जितेंद्र कुमार चतुर्थ, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार पंचम, कानूनगो रामराज, नसीमुल्लाह, लेखपाल रमेश कुमार सोनकर, रविंद्र, अंगद सिंह यादव, रचित कुमार, धनंजय पटेल और ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव उर्फ जज सहित राजस्व टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। तहसीलदार जितेंद्र कुमार चतुर्थ ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत कार्रवाई पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page