गाजीपुर
भांवरकोल में 72 घंटे से बिजली गुल, खैराबारी पावर हाउस के फीडर ठप
तीन दिनों से आपूर्ति बाधित, पेयजल संकट गहराया; इनवर्टर डिस्चार्ज होने से ग्रामीण परेशान
भांवरकोल-गाजीपुर। क्षेत्र के दर्जनों गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। खैराबारी पावर हाउस से जुड़े फीडरों के बंद होने के कारण ग्रामीणों को बिजली के साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
लगातार करीब 72 घंटे बिजली नहीं मिलने से घरों के इनवर्टर डिस्चार्ज हो गए हैं। बिजली से संचालित सबमर्सिबल और नल-जल योजनाओं के प्रभावित होने के कारण लोगों के सामने पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई है। मोबाइल चार्ज करने से लेकर रात में घरों और दुकानों में रोशनी तक की दिक्कत बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि तेज हवा और बारिश के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई थी। इसके बाद तीन दिन बीत जाने के बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। एक स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि तीन दिनों से बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है तथा जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित होने से रोजमर्रा के कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं पेयजल की व्यवस्था प्रभावित होने से परिवारों को दूर-दराज से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय उपभोक्ताओं में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द खराबी दूर कर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
वहीं, एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ बताया गया। बिजली आपूर्ति कब तक बहाल होगी, इसे लेकर विभाग की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
