भदोही
गणेश विसर्जन जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था का एएसपी ने लिया जायजा
पुलिस बल को सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
भदोही। गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भदोही पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने क्षेत्राधिकारी भदोही सुमित त्रिपाठी के साथ थाना भदोही क्षेत्र में विसर्जन के लिए निकाले जा रहे गणेश प्रतिमा जुलूस का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने जुलूस के मार्ग और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी भी देखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एएसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जुलूस मार्ग पर आवागमन को सुगम बनाए रखने और किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न होने देने को लेकर भी आवश्यक सावधानी बरतने को कहा।
पुलिस प्रशासन की ओर से गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं।
