मिर्ज़ापुर
रैकरी में खुली लाइब्रेरी, बच्चों के सपनों को मिली पढ़ाई की नई उड़ान
ग्राम प्रधान ऊषा देवी ने किया उद्घाटन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मिलेगी मदद
मिर्जापुर। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम पंचायत रैकरी में नई पहल की शुरुआत हुई। ग्राम पंचायत में स्थापित लाइब्रेरी का उद्घाटन ग्राम प्रधान ऊषा देवी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीण भी मौजूद रहे।
लाइब्रेरी शुरू होने से गांव के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए शांत और बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने इस पहल को बच्चों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

उद्घाटन के दौरान ग्राम प्रधान ऊषा देवी ने कहा कि लाइब्रेरी का उद्देश्य गांव के बच्चों को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन और शांत वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से लाइब्रेरी का नियमित उपयोग करने और अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
लाइब्रेरी के उद्घाटन को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अध्ययन की सुविधा शुरू होने से विद्यार्थियों को किताबों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि रामकेश, अरविंद राणा, धीरेंद्र, शनि, देवा, काजल, नंदिनी, बेबी, राजबहादुर, गोपाल सोनकर, सुशील कुमार, त्रिभुवन सिंह, सर्वेश, हरिओम, वीरू, कृष्णा सहित लाइब्रेरियन अमिताभ कुमार और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
