गाजीपुर
जमानिया-धरम्मरपुर सेतु पर अंधेरा, नाम मात्र की स्ट्रीट लाइटों से परेशानी
शाम ढलते ही पुल के बड़े हिस्से में छा जाता है अंधेरा, राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना का डर
जमानिया-गाजीपुर। जमानिया-धरम्मरपुर पक्का सेतु पर प्रकाश व्यवस्था बदहाल होने से रात में राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेतु पर स्ट्रीट लाइटें तो लगी हैं, लेकिन कई लाइटें या तो बंद हैं या उनकी रोशनी बेहद मंद है। इसके चलते शाम ढलते ही पुल के बड़े हिस्से में अंधेरा छा जाता है और लोगों को इसी अंधेरे के बीच आवागमन करना पड़ता है।
सेतु पर दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। रात में भी जमानिया और धरम्मरपुर की ओर जाने वाले लोगों की संख्या कम नहीं होती। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण वाहन चालकों को सड़क और आसपास की स्थिति स्पष्ट दिखाई देने में दिक्कत होती है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी एवं राहगीर सुरेश, संदीप कुमार, नदीम और अमित कुमार ने बताया कि पुल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने कहा कि जब सेतु पर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं तो उनकी नियमित जांच, मरम्मत और रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से खराब एवं मंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है।
इस संबंध में संबंधित जेई संदीप कुमार ने बताया कि स्ट्रीट लाइटों को सही कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसको लेकर काम चल रहा है और जल्द ही सेतु की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी।
