Connect with us

गाजीपुर

नुक्कड़ नाटक में देश के बदलाव और विकसित भारत का संकल्प दिखाया

Published

on

Loading...
Loading...

संकल्प यात्रा अभियान के तहत खानपुर तिराहे पर हुआ आयोजन, 14 दृश्यों में देश के विभिन्न बदलावों का मंचन

खानपुर (गाजीपुर)। खानपुर बाजार तिराहे पर रविवार को प्रदेश स्तर पर संचालित संकल्प यात्रा अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। संस्कृति निदेशालय की ओर से प्रस्तुत नाटक के माध्यम से देश में हुए बदलाव, विकास कार्यों और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को मंचन के जरिए प्रस्तुत किया गया।

नाटक की पटकथा 14 दृश्यों में तैयार की गई थी। इसमें पांच पुराने स्कूल मित्रों के पुनर्मिलन के माध्यम से अलग-अलग कालखंडों में देश में हुए बदलावों को दर्शाया गया। वर्ष 2026 में वीडियो कॉल के जरिए मित्रों के पुनर्मिलन की योजना से शुरू होने वाली कहानी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प तक पहुंचती है।

नाटक में गुजरात भूकंप और पुनर्निर्माण, वर्ष 2014 के बाद के विकास कार्य, उरी घटना और सर्जिकल स्ट्राइक, अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियां, कोरोना महामारी और टीकाकरण, ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से भारतीयों की वापसी, जम्मू-कश्मीर में बदलाव, डिजिटल भुगतान, यूपीआई, सौर ऊर्जा और महिलाओं के अवसरों जैसे विषयों को अलग-अलग दृश्यों में प्रस्तुत किया गया।

Advertisement

पटकथा में पुराने समय की जीवनशैली और वर्तमान डिजिटल सुविधाओं की तुलना भी की गई। गांवों में बिजली, जनधन खाते, डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं से जुड़े संवादों के माध्यम से बदलते भारत को दिखाया गया। अंतिम दृश्यों में चेनाब पुल, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ और राम मंदिर सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व मनीष सिंह ने किया, जबकि संयोजक प्रदीप सिंह पप्पू रहे। इस दौरान दयाशंकर पांडेय, मार्कंडेय चौहान, भीम बिंद, अरुण सिंह, अखिलेश कुशवाहा, विजय यादव, श्याम कुंवर मौर्य, विनोद प्रजापति, धनंजय चौबे और संतोष भारद्वाज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page