भदोही
संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, पहले दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
अमवां माफी में निकली कलश यात्रा, भजन-कीर्तन पर झूमे श्रद्धालु
गोपीगंज। अमवां माफी, सुमेरीपट्टी में रविवार को संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावन से आए राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता आचार्य शरद कृष्ण जी महाराज कर रहे हैं। कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भजन-कीर्तन में भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
कथा प्रारंभ होने से पूर्व महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के बाद कथा स्थल पर विधिवत कथा का शुभारंभ हुआ।
प्रथम दिवस की कथा में आचार्य शरद कृष्ण जी महाराज ने भागवत महात्म्य का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से जीवन के पाप नष्ट होते हैं और मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। कथा के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया।
कथा के प्रेषक सुरेंद्र प्रताप मिश्र ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से हरि इच्छा तक किया जाएगा। कथा का समापन 2 अक्टूबर को होगा।
प्रथम दिवस पर ही कथा पंडाल में सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण किया और भजन-कीर्तन में सहभागिता की।
