गाजीपुर
प्रदेशीय विद्यालयी ताइक्वांडो के लिए गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के 11 खिलाड़ी चयनित
मंडलीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, अलग-अलग भार वर्गों में हासिल किया प्रथम स्थान
सैदपुर/औड़िहार, गाजीपुर। चंदौली में आयोजित मंडलीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी गैबिपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एकेडमी के 16 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 11 खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेशीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए वाराणसी मंडल की टीम में जगह बनाई।
बालक वर्ग में सात खिलाड़ी चयनित
14 वर्ष आयु वर्ग में 38 किलोग्राम भार वर्ग से यश प्रजापति और 41 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में आर्यन राजभर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 17 वर्ष आयु वर्ग में आकाश कन्नौजिया (48 किग्रा), हर्ष प्रताप सिंह (51 किग्रा), आकाश कुमार (55 किग्रा), अखिल यादव (59 किग्रा) और आयुष यादव (78 किग्रा) ने भी प्रथम स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग में तीन ने जीता प्रथम स्थान
17 वर्ष आयु वर्ग के बालिका वर्ग में नब्या यादव (42 किग्रा), तेजस्विनी प्रजापति (44 किग्रा) और आयुषी सिंह (68 किग्रा) ने अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए चयन पक्का किया।
19 वर्ष वर्ग में आदित्य दुबे चयनित
19 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग में 59 किलोग्राम भार वर्ग में आदित्य दुबे ने प्रथम स्थान हासिल किया और वाराणसी मंडल की टीम में स्थान बनाया।
तीन अक्टूबर से गोरखपुर में प्रदेशीय प्रतियोगिता
एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षक विशाल कुमार को बधाई दी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने पिछले दो महीनों से प्रतियोगिता के लिए विशेष तैयारी की थी। अब खिलाड़ियों का लक्ष्य 3 अक्टूबर से गोरखपुर में होने वाली 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना है।
खिलाड़ियों का किया सम्मान
टीम के वापस लौटने पर बुधवार को अमित कुमार सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित किया और आगामी प्रतियोगिता की तैयारियों पर चर्चा की। इस अवसर पर टीम प्रबंधक गौरव सिंह, गोविंदा यादव और बालिका टीम मैनेजर अल्का मौर्या सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
