गाजीपुर
संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर बीडीओ ने दिए निर्देश
नालियों की सफाई, जलभराव दूर करने और कूड़ा निस्तारण पर जोर
जमानिया, गाजीपुर। ब्लॉक मुख्यालय परिसर में बुधवार को बीडीओ महेंद्र यादव की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। एक अक्टूबर से शुरू होने वाले अभियान को लेकर सफाई कर्मचारियों और संबंधित कर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर
बीडीओ ने सफाईकर्मियों को गांवों में नालियों की सिल्ट सफाई, जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी, झाड़ियों की कटाई और कूड़े के नियमित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखना जरूरी है।

ग्रामीणों को किया जाएगा जागरूक
उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के इस्तेमाल और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने के लिए जागरूक करने को कहा। बीडीओ ने चेतावनी दी कि अभियान में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एडीओ पंचायत उमेंद्र प्रताप सिंह, जितेंद्र कुमार, उमेश कुमार, राजकुमार, विनोद, संतोषी राय, राजेश कुशवाहा, नित्यानंद, विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
