गाजीपुर
बालकृष्ण यति कन्या महाविद्यालय में मनाई गई गांधी जयंती
छात्राओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर दिया साफ-सफाई और राष्ट्रभक्ति का संदेश
जखनिया/हथियाराम, गाजीपुर। सिद्धपीठ हथियाराम स्थित बुढ़िया माई आश्रम परिसर में संचालित श्री बालकृष्ण यति कन्या महाविद्यालय में गांधी जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। प्राचार्य रत्नाकर जी ने शिक्षिकाओं और छात्राओं की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित हुए।
गांधी जी के आदर्शों को अपनाने की अपील
प्राचार्य ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। शिक्षकों ने भी स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी के योगदान की जानकारी दी। छात्राओं ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
आश्रम परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम के बाद छात्राओं और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर के साथ बुढ़िया माई आश्रम परिसर में साफ-सफाई की। छात्राओं ने लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने गांधी जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शिक्षिका अंजू सिंह, रिंकू सिंह, आरती सिंह, वीड़ा और बाबू चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
