Connect with us

गाजीपुर

पालिका विवाद फिर गरमाया, 8 अक्टूबर से सभासद करेंगे अनिश्चितकालीन धरना

Published

on

Loading...
Loading...

11 बिंदुओं की जांच में देरी और गृहकर वसूली को लेकर नाराजगी, ईओ बोले- वसूली का कोई आदेश नहीं दिया

जमानिया, गाजीपुर। नगर पालिका परिषद जमानिया में सभासदों और पालिका प्रशासन के बीच विवाद एक बार फिर गहरा गया है। 11 बिंदुओं पर गठित जांच समिति की रिपोर्ट में देरी और बोर्ड बैठक में गृहकर समाप्त करने के प्रस्ताव के बावजूद कथित वसूली जारी रहने के मुद्दे पर सभासदों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 8 अक्टूबर 2026 से पालिका कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

सभासदों के अनुसार, जिलाधिकारी गाजीपुर के निर्देश पर 25 अगस्त 2026 को नगर पालिका से संबंधित 11 बिंदुओं की जांच के लिए समिति गठित की गई थी। समिति को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई। सभासदों ने उपजिलाधिकारी जमानिया को पत्र देकर जांच शीघ्र पूरी कराने और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।

गृहकर वसूली पर उठाए सवाल

सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को दिए पत्र में दावा किया कि 11 सितंबर 2026 को हुई बोर्ड बैठक में सहमति से गृहकर संबंधी प्रस्ताव समाप्त किया गया था। इसके बावजूद नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता पर गृहकर की कथित वसूली कराए जाने का आरोप लगाया गया है। सभासदों ने मांग की है कि मामले की जांच कराकर वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और नियमानुसार कार्रवाई हो। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी एसडीएम, जिलाधिकारी, नगर निकाय प्रभारी और मंडलायुक्त वाराणसी मंडल को शिकायत दी जा चुकी है।

Advertisement

8 अक्टूबर से धरने की चेतावनी

सभासदों ने स्पष्ट किया है कि दोनों मामलों में उचित कार्रवाई नहीं होने पर 8 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि उनकी ओर से गृहकर या अन्य किसी कर की वसूली का कोई आदेश नहीं दिया गया है।

ये सभासद रहे मौजूद

इस दौरान अंजनी कुमार गुप्ता, राहुल वर्मा, मोहन गुप्ता, सचिन कुमार वर्मा, राकेश प्रजापति, सुरेंद्र चौधरी, उमराव सिंह यादव, शिवबचन सिंह यादव, मोहन राम, प्रमोद यादव और मनीष सिंह यादव सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page