वाराणसी
ट्रेन से कटकर 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत
घर से निकले थे राजेंद्र पटेल, विक्रमपुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिला शव
पिंडरा, वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर (खालिसपुर) के पास बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 65 वर्षीय राजेंद्र पटेल की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
घर से नाराज होकर निकले थे
फूलपुर की पटेल बस्ती निवासी राजेंद्र पटेल (65) पुत्र केवला प्रसाद बुधवार सुबह किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान विक्रमपुर के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना मिली।
परिजनों ने की शव की पहचान
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान राजेंद्र पटेल के रूप में की और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजेंद्र पटेल के तीन पुत्र हैं, जिनमें एक उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
