भदोही
ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
सुरक्षा में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
अग्निशमन यंत्रों और सीसीटीवी की जांच, पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश
[जनपद]। जिलाधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित अग्निशमन यंत्रों की वैधता अवधि की जांच की और सभी उपकरणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी तरह क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का भी परीक्षण किया। उन्होंने निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों को नियमित रूप से जांचते रहने के निर्देश दिए।
वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को जिलाधिकारी ने पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं और संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला, उप निदेशक कृषि, चकबंदी अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय, जिला सूचना अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
