जौनपुर
तिलकधारी पीजी कॉलेज में युवा उद्यमिता कार्यक्रम आयोजित
20 विद्यालयों और आठ महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए बिजनेस प्लान, नवाचार को मिला मंच
जौनपुर, 6 अक्टूबर। Aavishkaar Foundation की ओर से मंगलवार को तिलकधारी पीजी कॉलेज, जौनपुर में युवा उद्यमिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता, नवाचार और व्यवसायिक सोच विकसित करने के साथ उन्हें ‘आर्थिक उद्यमिता से सामाजिक समानता’ की दिशा में प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में जनपद के 20 विद्यालयों और आठ महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपने-अपने व्यावसायिक विचार और बिजनेस प्लान जूरी के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान स्थानीय समस्याओं के समाधान, स्वरोजगार और रोजगार सृजन से जुड़े कई नवाचारपूर्ण विचार सामने आए।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम आसरे सिंह के मार्गदर्शन और विभागाध्यक्ष अमित कुमार की अध्यक्षता में हुआ। Aavishkaar Foundation की ओर से प्रोग्राम मैनेजर विकाश कुमार, फील्ड ऑफिसर कुश कुमार, अंकित कुमार एवं श्रेया मौजूद रहीं।
महाविद्यालय श्रेणी में इनका रहा दबदबा
महाविद्यालय श्रेणी में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रतीक तिवारी, प्रभात तिवारी और आदित्य यादव की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। डॉ. राम मनोहर लोहिया महाविद्यालय के विशाल यादव, गुड़िया विश्वकर्मा, अंचल, प्रिया यादव और दिव्या यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कुटीर पीजी कॉलेज के आरुषि मौर्य, हेमंत मौर्य और अंकित मौर्य की टीम तृतीय रही।
विद्यालय श्रेणी में भी विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
विद्यालय श्रेणी में जनक कुमारी इंटर कॉलेज की अंजलि निषाद, वैष्णवी मिश्रा और प्रीति अग्रहरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बयालसी इंटर कॉलेज की अर्पिता मौर्य, आराध्या निषाद और प्रियांशी मौर्य की टीम दूसरे स्थान पर रही। एम.डी. हसन इंटर कॉलेज के खुशी जायसवाल, सांभवी सोनी, दीपक मोदनवाल और नंदानी मोदनवाल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ उद्यमिता, नवाचार और व्यवसायिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने और भविष्य में स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
