Connect with us

भदोही

महिला को बहला-फुसलाकर जेवर-नकदी हड़पने का आरोप,

Published

on

Loading...
Loading...

कथित तौर पर बेचने का भी मामला

न्यायालय के आदेश पर साली समेत दो के खिलाफ एफआईआर, मानव तस्करी और धोखाधड़ी की धाराओं में जांच शुरू

दुर्गागंज (भदोही)। थाना क्षेत्र के शेरपुर (गोपलहा) गांव में एक महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण हड़पने तथा उसे कथित तौर पर कहीं बेचने या गायब किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर नामजद महिला और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम चौर निवासी प्रेमचंद गौड़, जो पेशे से चालक हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी गीता देवी मानसिक रूप से कमजोर हैं। उनके अनुसार करीब दो माह पूर्व गीता अपने मायके शेरपुर गई थीं। आरोप है कि वहां उनकी बहन रीना देवी ने उनकी स्थिति का फायदा उठाते हुए उनके पास मौजूद करीब 1.5 लाख रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद उसकी पत्नी को किसी अज्ञात व्यक्ति के हाथों बेच दिया गया अथवा कहीं ले जाकर गायब कर दिया गया। पति के मुताबिक, जब वह 2 अगस्त को ससुराल पहुंचा तो पत्नी वहां मौजूद नहीं थीं। पूछताछ करने पर ससुराल पक्ष की ओर से संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई।

Advertisement

मामले में जानकारी नहीं मिलने पर पीड़ित पति ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद दुर्गागंज पुलिस ने आरोपी रीना देवी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मानव तस्करी, धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। महिला के लापता होने और लगाए गए आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page