भदोही
संविदा स्वास्थ्य कर्मी काली पट्टी बांधकर कर रहे विरोध
मांगों को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन का दूसरा दिन, 7 अक्टूबर तक जारी रहेगा विरोध; मांगें पूरी न होने पर 8 से धरने की चेतावनी
भदोही। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के नेतृत्व में जनपद के संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का विभिन्न मांगों को लेकर सांकेतिक विरोध मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी ड्यूटी का निर्वहन करते हुए बांह पर काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
संघ के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में संविदा स्वास्थ्य कर्मी अपनी लंबित मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करना नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाना है।
संघ के अनुसार काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध 7 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसके बाद भी यदि सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो 8, 9 और 10 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जनपदों के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
संविदा कर्मियों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द गंभीरता से विचार कर समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण उन्हें चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
