Connect with us

जौनपुर

प्रांतीय प्रतियोगिता में रुचि प्रजापति ने जीता स्वर्ण पदक

Published

on

Loading...
Loading...

टीडी इंटर कॉलेज में हुआ सम्मान, प्रधानाचार्य डॉ. सत्यप्रकाश सिंह ने उपलब्धि पर दी बधाई

जौनपुर। गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में टीडी इंटर कॉलेज की छात्रा रुचि प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ जिले और मंडल का भी नाम रोशन हुआ। प्रतियोगिता के बाद विद्यालय पहुंचने पर प्रार्थना सभा में प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने रुचि का सम्मान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रधानाचार्य डॉ. सत्यप्रकाश सिंह ने रुचि को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। विद्यालय की ओर से प्रतिभावान विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रुचि को आगे बढ़ने के लिए जिस भी प्रकार की सहायता की जरूरत होगी, विद्यालय परिवार उसे उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि रुचि आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और मंडल का नाम रोशन करेंगी।

प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल और विभिन्न प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रुचि की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने विद्यार्थियों से रुचि से प्रेरणा लेकर पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

Advertisement

सम्मान समारोह में सत्य प्रकाश सिंह, सुनील सिंह, राजेश सिंह, रमेश चंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, प्रदीप यादव सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने रुचि को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय परिवार के अनुसार प्रधानाचार्य डॉ. सत्यप्रकाश सिंह शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर देते हैं। उनकी सक्रियता और सकारात्मक सोच की भी विद्यालय परिवार में सराहना की जाती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page