Connect with us

भदोही

मोरवा पुल पर सड़क का डिवाइडर धंसा, नीचे जमीन खोखली; हादसे का बढ़ा खतरा

Published

on

Loading...
Loading...

कारपेट एक्सपो के बीच बदहाल सड़क से गुजर रहे देश-विदेश के खरीदार, स्थानीय लोगों ने स्थायी मरम्मत की मांग की

भदोही। भदोही से वाराणसी की ओर जाने वाले मार्ग पर मोरवा पुल के पास सड़क का डिवाइडर और आसपास की मिट्टी धंसने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। सड़क किनारे मिट्टी कट जाने से नीचे का हिस्सा काफी हद तक खोखला हो गया है। ऊपर से सड़क की लेयर दिखाई दे रही है, लेकिन अंदर मिट्टी कटने के कारण सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का धंसा हुआ हिस्सा कभी भी बड़े गड्ढे में तब्दील हो सकता है। इससे तेज रफ्तार वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

कारपेट एक्सपो के दौरान बढ़ी चिंता

इन दिनों भदोही में 4 से 7 अक्टूबर तक 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो के गोल्डन जुबली संस्करण का आयोजन हो रहा है। इसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में खरीदार और कारोबारी पहुंच रहे हैं। वाराणसी की ओर से भदोही आने-जाने वाले विदेशी खरीदार भी इसी मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और राहगीरों में चिंता बढ़ गई है।

मिट्टी डालकर की गई खानापूर्ति का आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क धंसने के बाद संबंधित विभाग की ओर से स्थायी मरम्मत कराने के बजाय प्रभावित हिस्से में मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गई। उनका कहना है कि केवल मिट्टी भरने से सड़क के नीचे खोखला हुआ हिस्सा सुरक्षित नहीं होगा और बारिश या वाहनों के दबाव में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Advertisement

लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर सड़क की स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि कारपेट एक्सपो के दौरान आने-जाने वाले लोगों समेत स्थानीय राहगीरों को किसी बड़े हादसे का सामना न करना पड़े।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page