भदोही
दशवता नाथ मंदिर में लगा पारंपरिक मेला, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विधि-विधान से पूजा कर श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि, मेले में सजीं चाट-पकौड़ी और खिलौनों की दुकानें
भदोही। अभोली ब्लॉक के ख्योंखर गांव स्थित दशवता नाथ मंदिर परिसर में मंगलवार को पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ग्राम देवता का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में लगी विभिन्न दुकानों से खरीदारी की। मेले में चाट, पकौड़ी, जलेबी, खिलौने और श्रृंगार सामग्री की दुकानें सजी थीं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए थे, जिनका बच्चों ने खूब आनंद लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार ख्योंखर गांव में दशवता नाथ मंदिर का यह मेला कई वर्षों से प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होता आ रहा है। मेले में आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पूजा-अर्चना और मेले के कारण पूरे गांव में दिनभर उत्साह और धार्मिक माहौल बना रहा।
