चन्दौली
आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों का धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
पदोन्नति, 2800 ग्रेड पे और वेतन विसंगति दूर करने की मांग, शासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील
नौगढ़ (जयदेश)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को तहसील क्षेत्र में लेखपालों ने आठ सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। धरने की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष मनीष सिंह ने की। लेखपालों ने शासन और राजस्व परिषद से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।
संघ ने कहा कि राजस्व प्रशासन में लेखपालों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नामांतरण, वरासत, राजस्व अभिलेखों का अद्यतन, पैमाइश, आपदा प्रबंधन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्रों की जांच, कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे कार्यों की जिम्मेदारी लेखपाल निभाते हैं।
लेखपाल संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करना, स्थानांतरण प्रक्रिया दोबारा शुरू करना, विभागीय परीक्षा के प्रमाण पत्र और पदोन्नति सूची जारी करना, स्टेशनरी, वाहन एवं विशेष भत्तों में बढ़ोतरी तथा प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड पे लागू करना शामिल है। इसके अलावा वेतन विसंगति दूर करने, लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने, भूलेख कार्यालयों एवं अन्य पटलों से संबद्ध लेखपालों को हटाने और ग्राम सचिवालय में रोस्टर व्यवस्था का बहिष्कार करने की मांग भी उठाई गई।
संघ का कहना है कि कार्यवृत्त जारी होने के करीब 45 दिन बाद भी कई मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई है। मांगों का समाधान जल्द नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
धरने में संजय पासवान, संदीप कुमार, विनीत सहित तहसील के अन्य लेखपाल शामिल रहे।
