चन्दौली
स्कूल बंद, गांव-गांव शराब की दुकानें खोलने का आरोप
सपा सांसद छोटेलाल खरवार की सोशल मीडिया पोस्ट वायरल, भाजपा सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
नौगढ़ (जयदेश)। रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के सपा सांसद छोटेलाल खरवार की सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पोस्ट के माध्यम से उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गांवों में स्कूल बंद होने और शराब की दुकानें खुलने का आरोप लगाया है।
सांसद ने आदिवासी बहुल क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गांव-गांव शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने शिक्षामित्रों को भाजपा के मोर्चों में शामिल किए जाने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए या राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।
सांसद की पोस्ट वायरल होने के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और शराब की दुकानों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने भाजपा पर लोगों को जबरन पदाधिकारी बनाने का भी आरोप लगाया।
इस संदर्भ में नौगढ़ मंडल के भाजपा महामंत्री पारसनाथ खरवार का बयान भी चर्चा में है। बताया गया कि उन्होंने भाजपा की विचारधारा और नीतियों से सामंजस्य नहीं होने के बावजूद मनमाने ढंग से महामंत्री बनाए जाने की बात कही थी। उनके समाजवादी पार्टी से पहले से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, स्कूल बंद होने और शराब की दुकानों से संबंधित आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
