गाजीपुर
महाकाली मंदिर परिसर में स्वास्थ्य शिविर, 115 मरीजों की जांच
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मेजर अजय राय ने दी चिकित्सकीय सलाह, तंबाकू और गुटखा से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर), जयदेश। युसूफपुर स्थित माता महाकाली मंदिर परिसर में समाजसेविका मीरा राय के सौजन्य से विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वाराणसी के हेरिटेज हॉस्पिटल के नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. मेजर अजय कुमार राय ने अपनी चिकित्सा टीम के साथ कुल 115 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लिया। इस दौरान डॉ. अजय राय ने कहा कि गले और मुंह से संबंधित समस्याओं को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने तंबाकू, पान मसाला, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट और शराब के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए मुख एवं गले के गंभीर रोगों और कैंसर के खतरे के बारे में बताया। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर योग्य चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की।

आयोजक मीरा राय ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना समाज सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

शिविर के अंत में महाकाली मंदिर के पुजारी मुकेश ने चिकित्सकीय टीम, मरीजों, क्षेत्रवासियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
