गाजीपुर
लम्पी रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान तेज
45 गांवों में 5,500 पशुओं को लगे टीके
बढ़नपुरा और दहिनवर में 100 पशुओं का टीकाकरण, सभी गांवों में अभियान पूरा करने का लक्ष्य
भांवरकोल (गाजीपुर), जयदेश। विकास खंड भांवरकोल में पशुओं को लम्पी रोग से बचाने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान तेज कर दिया गया है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार गौरव के अनुसार, 10 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक करीब 45 गांवों में 5,500 से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
अभियान के तहत रविवार को बढ़नपुरा और दहिनवर गांव में कुल 100 पशुओं को लम्पी रोग से बचाव के टीके लगाए गए। इस दौरान टीकाकरण टीम में संजीत कुमार और अस्फाक अहमद प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
पशु चिकित्सा विभाग के अनुसार, क्षेत्र के सभी गांवों में पशुओं का टीकाकरण पूरा होने तक अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीम पशुपालकों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ पशुओं के टीकाकरण पर भी जोर दे रही है।
लम्पी रोग पशुओं में फैलने वाली एक संक्रामक बीमारी है। ऐसे में टीकाकरण अभियान पशुओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पशुपालकों ने विभाग की इस पहल की सराहना की है।
