बलिया
संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी कार धू-धू कर जली, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर नंबर की कार में तड़के लगी आग, वाहन स्वामी का नहीं चला पता
बलिया। जिले के कोटवा नारायणपुर क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब चार बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब कोटवा से लट्ठूडीह जाने वाले मार्ग पर खड़ी एक कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते आग ने कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जली हुई कार का पंजीकरण नंबर गोरखपुर जिले का है। हालांकि घटना के समय वाहन में कौन सवार था और कार किन परिस्थितियों में वहां खड़ी थी, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंजीकृत नंबर से जुड़े मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।
समाचार लिखे जाने तक किसी व्यक्ति ने जली हुई कार के संबंध में पुलिस से संपर्क नहीं किया था। घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। पुलिस वाहन स्वामी के सामने आने का इंतजार कर रही है और पंजीकरण नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाने में जुटी है।
सुरक्षा और जांच के मद्देनजर पुलिस ने जली कार को कोटवा नारायणपुर चौकी परिसर में पहुंचा दिया है। पुलिस का कहना है कि वाहन स्वामी के सामने आने के बाद ही कार में आग लगने के कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
