बलिया
डीएम आवास पर तैनात अनुसेवक की अचानक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
नाइट ड्यूटी पूरी कर घर लौटने की तैयारी में बेहोश होकर गिरे सुशील कुमार प्रसाद, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
बलिया। जिलाधिकारी आवास पर तैनात अनुसेवक (टेलीफोन ऑपरेटर) की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहे कर्मचारी के अचानक बेहोश होकर गिरने से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी सुशील कुमार प्रसाद (58) पुत्र स्वर्गीय कैलाश प्रसाद जिलाधिकारी आवास पर टेलीफोन ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना से मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने आनन-फानन में उन्हें एस्कॉर्ट वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की प्रारंभिक आशंका है कि मौत हृदयाघात के कारण हुई हो सकती है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उधर, सुशील कुमार प्रसाद की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कलेक्ट्रेट और जिलाधिकारी आवास के कर्मचारियों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया।
