गाजीपुर
धान खरीद के मानक को उपज के अनुसार तय करने की मांग
किसान नेता ने एसडीएम को सौंपा पत्रक
भानू प्रताप सिंह बोले- सेवराई व जमानियां में होती है 18 से 20 कुंतल प्रति बीघा उपज, आठ कुंतल का मानक किसानों के साथ अन्याय
सेवराई (गाजीपुर)। धान खरीद को लेकर किसान नेता भानू प्रताप सिंह सेवराई ने मंगलवार को एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव को पत्रक सौंपकर शासन की ओर से निर्धारित खरीद मानक में बढ़ोतरी की मांग की। किसान नेता ने कहा कि वर्तमान में प्रति बीघा आठ कुंतल धान खरीद का मानक तय किया गया है, जो क्षेत्र की वास्तविक उपज की तुलना में काफी कम है। उन्होंने प्रशासन से क्राप कटिंग कराकर वास्तविक उत्पादन के आधार पर खरीद का मानक तय करने की मांग की।
भानू प्रताप सिंह ने कहा कि सेवराई और जमानियां तहसील क्षेत्र को धान का कटोरा कहा जाता है। उनके अनुसार यहां किसानों को सामान्य तौर पर प्रति बीघा करीब 18 से 20 कुंतल तक धान की उपज प्राप्त होती है। ऐसे में आठ कुंतल प्रति बीघा का खरीद मानक तय होने से किसानों की पूरी उपज सरकारी केंद्रों पर नहीं बिक पाती है और उन्हें मजबूरी में बिचौलियों के हाथों धान बेचने का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की टीम क्षेत्र में क्राप कटिंग कराकर वास्तविक उपज का आंकलन करे और उसी के आधार पर खरीद का मानक निर्धारित किया जाए। किसान नेता के अनुसार पिछले वर्ष प्रति बीघा 13 कुंतल खरीद का मानक निर्धारित था, जबकि इस वर्ष इसे घटाकर आठ कुंतल कर दिया गया है। उन्होंने इसे किसानों के हित में उचित नहीं बताया।
भानू प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वह सैकड़ों किसानों के साथ सेवराई तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन और अनशन करने को बाध्य होंगे।
इस पर एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव ने आश्वासन दिया कि पत्रक को उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। शासन स्तर से जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, उसके अनुसार किसानों को अवगत कराया जाएगा।
पत्रक सौंपने के दौरान जयदेश न्यूज के तहसील अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, द भारत न्यूज के रिपोर्टर संतोष कुमार, अमर उजाला के विवेक सिंह विक्की सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
