वाराणसी
युवक की मौत पर बवाल, आयुक्त आवास पर शव रखकर प्रदर्शन
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
वाराणसी (जयदेश)। लोहता थाना क्षेत्र के मोढ़ेला तिराहे के पास रविवार को मृत मिले 40 वर्षीय सतीश कुमार के शव को लेकर सोमवार को परिजनों ने पुलिस आयुक्त एस. राजलिंगम के आवास पर प्रदर्शन किया। परिजनों ने आवास के गेट पर शव रखकर हत्या की आशंका जताई और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना पर एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक समेत लोहता और कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान आयुक्त आवास के बाहर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
पुलिस के अनुसार, रविवार को मोढ़ेला तिराहे के पास सतीश का शव मिला था। पहचान होने के बाद परिजनों को सड़क हादसे में मौत की जानकारी दी गई। हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए लोहता थाने में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने परिजनों को फुटेज दिखाने तथा हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
