चन्दौली
मझगावां और जयमोहनी के जंगलों में पुलिस ने चलाया सघन कांबिंग अभियान
ग्रामीणों से सीधा संवाद कर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील
नौगढ़। पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहे चकरघट्टा थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए सोमवार को पुलिस ने व्यापक कांबिंग और जनसंवाद अभियान चलाया। सीओ ऑपरेशन देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में चकरघट्टा पुलिस और क्यूआरटी टीम ने मझगावां व जयमोहनी गांव के आसपास के पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने जंगलों में पगडंडियों, दुर्गम स्थानों और संभावित छिपने वाले स्थानों को खंगाला। थानाध्यक्ष चकरघट्टा महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल और क्यूआरटी टीम सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर जंगलों में पैदल गश्त करती रही। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और बाहरी लोगों की आवाजाही पर विशेष नजर रखी गई।
कांबिंग अभियान के बाद पुलिस टीम मझगावां और जयमोहनी गांव पहुंची और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। चौपाल एवं पैदल गश्त के दौरान युवाओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में गांव और आसपास के क्षेत्रों में शांतिपूर्ण माहौल है। किसी तरह की नक्सली गतिविधि, संदिग्ध आवाजाही या सुरक्षा संबंधी समस्या सामने नहीं आई है।
सीओ ऑपरेशन देवेंद्र कुमार ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति को अपने यहां पनाह न दें। जंगल या गांव के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सीओ ऑपरेशन ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और किसी भी संभावित असामाजिक गतिविधि की रोकथाम के लिए कांबिंग, पेट्रोलिंग और जनसंवाद अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
