Connect with us

गाजीपुर

हिंदू पीजी कॉलेज में पुराछात्र एवं पूर्व विधायक दिलीप पांडेय का सम्मान

Published

on

Loading...
Loading...

लोकतंत्र पर दिया व्याख्यान, छात्र-छात्राओं के सवालों का सहजता से दिया जवाब

जमानियां। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पुराछात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के पुराछात्र एवं पूर्व विधायक दिलीप पांडेय को महाविद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। उनके योगदान को सराहते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को दिलीप पांडेय के छात्र जीवन से परिचित कराते हुए कहा कि उन्होंने इसी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।

सम्मान से अभिभूत पूर्व विधायक दिलीप पांडेय ने कहा कि कभी वह भी इसी महाविद्यालय के छात्र हुआ करते थे। आज उसी परिसर में लौटने पर उन्हें छात्र जीवन की पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय ने उनके जीवन को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Advertisement

इसके बाद उन्होंने ‘लोकतंत्र’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र महज राजनीतिक व्यवस्था नहीं, बल्कि समानता, स्वतंत्रता, मौलिक अधिकार और मानवीय गरिमा की रक्षा का सशक्त माध्यम है। कानून का शासन और स्वतंत्र न्यायपालिका लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां विविधताओं के बावजूद प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हैं।

व्याख्यान के बाद छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र और जनप्रतिनिधित्व से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। दिलीप पांडेय ने सवालों के सहज और विस्तारपूर्वक जवाब दिए।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. अरुण कुमार, डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. मदन गोपाल सिन्हा, डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. महेन्द्र कुमार, डॉ. अमित कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, जितेन्द्र कुमार, कमलेश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं सहायक आचार्य हिंदी डॉ. अभिषेक तिवारी ने विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page