भदोही
देवाधिदेव के अलौकिक स्वरूप का दर्शन कर भक्त हुए निहाल, लगी लंबी कतार
बाबा बड़े शिव, तिलेश्वरनाथ और गोपेश्वरनाथ का भव्य श्रृंगार, देर रात तक चलता रहा दर्शन-पूजन
गोपीगंज। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में स्थित प्रमुख शिव मंदिरों में देवाधिदेव महादेव का भव्य श्रृंगार, आरती और पूजन किया गया। बाबा बड़े शिव, बाबा तिलेश्वरनाथ और गोपेश्वरनाथ के अलौकिक स्वरूप का दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में देर रात तक भक्तों की कतार लगी रही और हर-हर बम-बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बाबा बड़े शिव का आकर्षक श्रृंगार किया गया। वहीं बाबा तिलेश्वरनाथ और गोपेश्वरनाथ का सुगंधित पुष्पों एवं पंचद्रव्य से विशेष श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के बाद दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।
आरती के दौरान श्रद्धालुओं से भरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। शंख और करतल की ध्वनि के बीच पुजारियों ने विधि-विधान से महाआरती संपन्न कराई। इसके बाद स्तुति गान हुआ और श्रद्धालुओं में महाप्रसाद वितरित किया गया।
दर्शन-पूजन के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ रही। पूजन समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।
