गोरखपुर
मुख्यमंत्री की शोभायात्रा के रूट पर डीएम-एसएसपी का पैदल मार्च
गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
गोरखपुर। विजयादशमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिस जवानों के साथ गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक निर्धारित मार्ग पर पैदल रूट मार्च किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
संवेदनशील स्थानों का किया निरीक्षण
रूट मार्च के दौरान डीएम और एसएसपी ने शोभायात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों, भीड़ जुटने वाले क्षेत्रों और संवेदनशील बिंदुओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित स्थानों पर मुस्तैद रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पैदल गश्त और भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। स्थानीय पुलिस के साथ यातायात पुलिस, मंदिर सुरक्षा और खुफिया तंत्र को भी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर
शोभायात्रा के दौरान यातायात प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों से वाहनों का संचालन कराने की तैयारी रखने को कहा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को कम से कम परेशानी हो और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रहे। पुलिसकर्मियों से आम लोगों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने को भी कहा गया।
अधिकारियों ने मौके पर परखी तैयारियां
रूट मार्च में एसपी सिटी निमिष पाटिल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एएसपी/सीओ कैंट अरुण कुमार एस., एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह, एसपी मंदिर सुरक्षा संतोष कुमार, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, ओएसडी जीआईडीए संजीव दीक्षित, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, सीओ एलआईयू देवी दयाल सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
