आजमगढ़
सोनबरसा चौराहे पर बुलेट और ई-रिक्शा में भिड़ंत
मां-बेटा गंभीर घायल, वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर; ई-रिक्शा चालक को मामूली चोट
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सोनबरसा चौराहे के पास बुधवार शाम बुलेट मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बुलेट सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ई-रिक्शा चालक को भी चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार सोनबरसा निवासी मुकुंद सिंह (22) पुत्र नंदजी सिंह अपनी मां शांति देवी को बुलेट पर बैठाकर किसी काम से बैरिया की ओर जा रहे थे। सोनबरसा चौराहे के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को दूसरे वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मां-बेटे की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार मुकुंद सिंह के जबड़े में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं शांति देवी की हालत फिलहाल सामान्य बताई गई है।
हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
