बलिया
जयप्रकाश नगर में 11 अक्टूबर को होगा प्रतिभा सम्मान समारोह
लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 125वीं जयंती वर्ष पर विचार गोष्ठी भी होगी
बैरिया (बलिया)। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के 125वें जयंती वर्ष के अवसर पर 11 अक्टूबर को उनके जन्मस्थान जयप्रकाश नगर में प्रतिभा सम्मान समारोह और विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
जयप्रकाश नारायण स्मारक ट्रस्ट के सचिव एवं विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का जन्म शताब्दी वर्ष भी चल रहा है। वहीं 11 अक्टूबर से लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 125वीं जन्मशती का शुभारंभ होगा। दोनों महान नेताओं की स्मृति में सुबह आठ बजे छात्र-छात्राओं की प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद माल्यार्पण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा।
सुबह 11 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद ‘लोकनायक जयप्रकाश और जननायक चंद्रशेखर के सपनों का भारत’ विषय पर विचार गोष्ठी होगी।
गोष्ठी के मुख्य वक्ता गांधी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष कुमार प्रशांत होंगे। विशिष्ट वक्ता के रूप में वर्धा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. केके सिंह और छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह विचार व्यक्त करेंगे। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘संकल्प’ की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी।
ट्रस्ट के सचिव रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ ने क्षेत्र के नागरिकों, साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
